नगर निगमों में भाजपा का परचम, कांग्रेस के हिस्से आया जीरो
– प्रदेश के 11 में से 10 नगर निगम पर भाजपा प्रत्याशी जीते, 1 पर भाजपा के बागी ने दर्ज की जीत, कांग्रेस रही खाली हाथ सिर्फ नगर पालिका पंचायतों की जीत से ही होना पड़ा संतुष्ट
Pen Point, Dehradun : बीते शनिवार को नगर निकायों की मतगणना में प्रदेश के 11 नगम निगमों से 10 में भाजपा ने जीत दर्ज की। नगर निगमों में ट्रिपल इंजन पर भरोसा जताते हुए मतदाताओं ने भाजपा को बड़ी जीत दी जबकि अन्य 1 नगर निगम में भी भाजपा से बागी प्रत्याशी ने जीत दर्ज की।
मतगणना शुरू होने पर सुबह से ही प्रदेश के लोगों की निगाहें छोटी सरकार के नतीजों पर लगी थी। रात नौ बजे तक नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के ज्यादातर नतीजे घोषित होते गए। श्रीनगर नगर निगम को छोड़ दें तो बाकी 10 में से नौ में मेयर पद पर ट्रिपल इंजन सरपट दौड़ता नजर आया। श्रीनगर नगर निगम में भाजपा को शिकस्त का सामना करना पड़ा। वहां भाजपा को हराकर बागी आरती भंडारी मेयर चुन ली गई हैं।
नगर निगमों का परिणाम
1. अल्मोड़ा में भाजपा के अजय वर्मा
2. हल्द्वानी से भाजपा के गजराज बिष्ट
3. पिथौरागढ़ में भाजपा की कल्पना देवलाल
4. देहरादून में भाजपा के सौरव थपलियाल
5. कोटद्वार में भाजपा के शैलेंद्र सिंह रावत
6. रुद्रपुर से भाजपा का विकास शर्मा
7. ऋषिकेश से भाजपा के शंभू पासवान
8. काशीपुर से भाजपा के दीपक बाली
9. रुड़की से भाजपा की अनिता देवी अग्रवाल
10. हरिद्वार से भाजपा की किरण जैसल
11. श्रीनगर में निर्दलीय आरती भंडारी
वहीं, गढ़वाल के पांच जिलों की नगर पालिकाओं में निर्दलीयों का जलवा रहा। 16 नगर पालिका सीटों में से निर्दलीयों ने 8 पर जीत दर्ज की, वहीं भाजपा पांच और कांग्रेस तीन को ही जीत सकी। जबकि नगर पंचायत की जंग में भाजपा-कांग्रेस में कड़ा मुकाबला रहा। 21 नगर पंचायत सीटों में से 9 पर भाजपा, 8 पर कांग्रेस और 4 पर निर्दलीयों ने जीत दर्ज की। जबकि दो नगर निगम सीटों में श्रीनगर में निर्दलीय प्रत्याशी आरती भंडारी और कोटद्वार में भाजपा उम्मीदवार देर रात तक आगे चल रहे थे।
चमोली जिले में नगर पालिका की चार सीटों में से दो पर भाजपा और दो पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की। जबकि पंचायत की छह सीटों में से चार पर कांग्रेस और दो पर निर्दलीय विजेता रहे। चमोली में कर्णप्रयाग पालिका सीट पर पूर्व विधायक के बेटे गणेश चंद्र शाह ने जीत दर्ज की। जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला के गृह क्षेत्र पोखरी नगर पंचायत से निर्दलीय सोहनलाल ने जीत दर्ज की। वहीं रुद्रप्रयाग जिले में नगर पालिका सीट पर निर्दलीय ने जीत का परचम लहराया तो पंचायत की चार सीटों में से एक पर निर्दलीय, दो पर भाजपा और एक पर कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत दर्ज की।
टिहरी जिले में छह नगर पंचायत और चार नगर पालिका हैं। इनमें पांच नगर पंचायतों तपोवन, घनसाली, चमियाला, लंबगांव और कीर्तिनगर में भाजपा के उम्मीदवार जीते, वहीं गजा में निर्दलीय ने जीत दर्ज की। जबकि दो नगर पालिका नई टिहरी और मुनिकीरेती में निर्दलीयों का कब्जा रहा, चंबा में भाजपा जीती। जबकि देवप्रयाग में भाजपा पहले ही निर्विरोध जीत चुकी है।
उत्तरकाशी जिले में दो नगर पंचायतों में गंगोत्री नगर पंचायत में चुनाव नहीं होते हैं, यहां प्रशासक रहता है। वहीं नौगांव में भाजपा जीती है। चार नगर पालिकाओं में बाड़ाहाट, चिन्यालीसौड़, बड़कोट में निर्दलीय और पुरोला में कांग्रेस जीती है।
पौड़ी में सात निकायों में पांच सीटों पर कांग्रेस व निर्दलीयों का दबदबा रहा। नगर पालिका पौड़ी, दुगड्डा पर निर्दलीय जीते। सतपुली नगर पंचायत और स्वर्गाश्रम जोंक नगर पंचायत पर कांग्रेस काबिज हुई। वहीं श्रीनगर के कीर्तिनगर नगर पंचायत में भाजपा और देवप्रयाग नगर पालिका में भाजपा की ममता देवी निर्विरोध निर्वाचित हुईं। थलीसैंण नगर पंचायत से कांग्रेस जीती है।