Search for:

उत्तराखंड में दो दिन चलेगी शीतलहर, येलो अलर्ट

Pen, Point Dehradun:  दो दिन में प्रदेश के पर्वतीय जिलों में हुई बर्फबारी व बारिश का असर बुधवार और बृहस्पतिवार को देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से 11 और 12 दिसंबर को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले को छोड़ सभी जिलों में पाला पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में शीतलहर से भी ठिठुरन बढ़ेगी। पूर्वानुमान के अनुसार, 13 दिसंबर के बाद प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। मंगलवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री की कमी के साथ 21.8 डिग्री पर रहा, जबकि रात का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री की कमी के साथ 5.6 डिग्री रहा। बुधवार के तापमान की बात करें तो दून का अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम तापमान सात डिग्री रहने के आसार है।

साथ ही पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर राजधानी दिल्ली में भी देखने को मिल रहा है। दिल्ली के तापमान में बुधवार गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इस सीजन में दिल्ली की बुधवार की सुबह सबसे ठंडी सुबह रही है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार सुबह सफदरजंग पर दर्ज किया गया न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस इस सर्दी के मौसम का सबसे कम तापमान है। पिछले साल यानी 15 दिसंबर 2023 को भी 4.9 डिग्री सेल्सियस का यही न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था।

इससे पहले मंगलवार को तेज धूप खिली होने के बावजूद ठंडी हवाओं ने ठिठुराया। इस कारण से अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 23.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हालांकि यह सोमवार के मुकाबले में ज्यादा था। बीते सोमवार को अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मंगलवार को दिल्ली का पालम इलाका 20.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। यहां तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम दर्ज हुआ। मयूर विहार में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।मौसम विभाग की मानें तो अब तापमान में गिरावट होने लगेगी। इस कारण से ठंड का अहसास होगा। अधिकतम तापमान 23 व 24 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री के बीच रहेगा। विभाग ने पूरे सप्ताह के लिए सुबह व शाम धुंध व कुहासा रहने की भविष्यवाणी की है।

 

 

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required