Search for:
  • Home/
  • ताजा खबर/
  • सुखबीर बादल पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

सुखबीर बादल पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

Pen, Point: पंजाब के अमृतसर में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल पर हमला किया गया है। स्वर्ण मंदिर में उन पर गोली चलाई गई है, हालांकि वे सही सलामत हैं। वे श्री अकाल तख्त साहिब की तरफ से दी गई धार्मिक सजा भुगतने श्री हरमंदिर साहिब पहुंचे थे।पुलिस ने आरोपी नारायण सिंह चौरा को गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, हमलावर नारायण सिंह चौरा बब्बर खालसा इंटरनेशनल का आतंकवादी रहा है। चौरा 1984 में पाकिस्तान गया था और आतंकवाद के शुरुआती चरण के दौरान पंजाब में हथियारों और विस्फोटकों की बड़ी खेप की तस्करी में मददगार रहा है। पाकिस्तान में रहते हुए उसने कथित तौर पर गुरिल्ला युद्ध और देशद्रोही साहित्य पर एक किताब भी लिखी है। वह बुड़ैल जेलब्रेक मामले में भी आरोपी है। नारायण इससे पहले पंजाब की जेल में सजा काट चुका है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9ः30 बजे सुखबीर सिंह बादल घंटाघर की तरफ श्री हरमंदिर साहिब के गेट के पास मौजूद थे। इसी दौरान एक शख्स आया और उसने जेब से पिस्तौल से गोली चला दी। हरकत में आते हुए सुखबीर के सुरक्षाकर्मियों ने उसका हाथ ऊपर कर दिया जिससे गोली हवा में चल गई। इसके तुरंत बाद सुरक्षा कर्मियों ने सुखबीर सिंह बादल को घेरा डाल लिया और आरोपी को भी पकड़ लिया। फिलहाल आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया है और मामले की जांच की जा रही है। गेट पर दूसरी तरफ सुखदेव सिंह ढींडसा भी तैनात थे। वहीं दरबार साहिब में गोली चलने की आवाज से संगत में दहशत का माहौल पैदा हो गया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान नारायण सिंह चौरा के तौर पर हुई है। आरोपी डेरा बाबा नानक का है और वह दल खालसा से संबंधित बताया जा रहा है। गोली चलाने के बाद सुखबीर बादल के आसपास खड़े लोगों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और उसका हाथ ऊपर कर दिया। वारदात मेन गेट के सामने हुई। बता दें कि सुखबीर बादल के पैर में फ्रैक्चर है, इसलिए वे कुर्सी पर बैठकर सेवा निभा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी मंगलवार को भी श्री हरमंदिर साहिब में घूमता देखा गया था। वहीं खुफिया इनपुट मिलने के बाद पुलिस भी अलर्ट थी और उस पर नजर रख रही थी। अकाली नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने सुखबीर बादल की सुरक्षा में कोताही बरती है।
वहीं एडीसीपी हरपाल सिंह ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे। सुखबीर बादल को उचित सुरक्षा दी गई थी। हमलावर कल भी यहां था…आज भी उसने सबसे पहले गुरु जी को नमन किया। गोली किसी को नहीं लगी है।
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि हमारे पुलिस कर्मियों की सतर्कता और तैनाती के कारण, इस हमले की कोशिश को नाकाम कर दिया गया। हमारे कर्मियों रिशपाल सिंह, जसबीर और परमिंदर ने सतर्कता दिखाई और कोशिशों को नाकाम कर दिया। नारायण सिंह चौरा का आपराधिक रिकॉर्ड है, उसे गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया गया है।

 

 

 

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required