Indian Idol विनर पवनदीप राजन सड़क दुर्घटना में घायल, हालत स्थिर
Pen Point, Dehradun : इंडियन आइडल सीजन 12 के विजेता और लोकप्रिय गायक पवनदीप राजन का सोमवार, 5 मई 2025 को तड़के लगभग 3:40 बजे अहमदाबाद में एक गंभीर कार दुर्घटना हुई। इस हादसे में उन्हें बाएं पैर और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में पवनदीप को अस्पताल के बिस्तर पर बेहोश अवस्था में देखा जा सकता है, जहां डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। उनके कपड़े कटे हुए हैं और शरीर पर चोटों के निशान स्पष्ट हैं। वीडियो में उनके दाहिने हाथ पर प्लास्टर और बाएं पैर पर पट्टियां बंधी हुई हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्हें फ्रैक्चर हुआ है।
इस दुखद घटना के बाद, उनके प्रशंसक सोशल मीडिया पर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। हालांकि, दुर्घटना के कारणों के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पवनदीप हाल ही में 27 अप्रैल को अपना जन्मदिन मना चुके थे।
पवनदीप राजन उत्तराखंड के चंपावत जिले से हैं और एक संगीतप्रेमी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने 2015 में ‘द वॉयस इंडिया’ जीतकर अपने करियर की शुरुआत की थी और बाद में ‘इंडियन आइडल 12’ जीतकर देशभर में प्रसिद्धि प्राप्त की।