कोटद्वार: मालन पुल का लोकार्पण, दो साल की राहत का अंत — अब शुरू हुआ सुगम सफर
Pen, Point 26 May 2025: कोटद्वार भाबर क्षेत्र के लोगों के लिए सोमवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मालन पुल का लोकार्पण कर दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने पूजा-अर्चना के बाद पुल का विधिवत उद्घाटन किया और रिबन काटकर आवागमन के लिए खोल दिया। इसके साथ ही भाबर, हरिद्वार और लालढांग क्षेत्रों के लोगों के लिए यातायात एक बार फिर से सुचारु हो गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का लोकार्पण समारोह में शामिल होना प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से वे कोटद्वार नहीं पहुंच सके। हालांकि उन्होंने जनता इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर पुल के निर्माण को राज्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
दो साल की परेशानी का अंत
गौरतलब है कि 13 जुलाई, 2023 को आई बाढ़ और भूस्खलन के चलते मालन नदी पर बना 325 मीटर स्पान का पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके चलते भाबर क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। पुल को 26.75 करोड़ रुपये की लागत से दोबारा तैयार किया गया है।
तकनीकी मजबूती के साथ तैयार हुआ पुल
नई तकनीक और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए इस पुल का पुनर्निर्माण किया गया है। आईआईटी बीएचयू के विशेषज्ञों की संस्तुति के आधार पर पुल के सभी 12 पिलरों को वेल (कुंआ) तकनीक से बनाया गया है ताकि बाढ़ और कटाव का सामना किया जा सके।
पुल में कुल 13 स्लैब शामिल हैं। बाढ़ के दौरान एक स्लैब बह गया था, जिसे नए सिरे से बनाया गया। बाकी 12 स्लैबों को ‘लिफ्ट और शिफ्ट’ तकनीक के माध्यम से हटाकर सुरक्षित रखा गया और फिर नए पिलरों पर स्थापित किया गया। प्रत्येक स्लैब की लंबाई 25 मीटर, चौड़ाई सात मीटर और वजन करीब 800 टन है। इन्हें दिल्ली मेट्रो पैनल की तर्ज पर उठाया और स्थापित किया गया।
स्थानीय लोगों ने जताई राहत
पुल के खुलने से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है। क्षेत्रवासियों ने विधानसभा अध्यक्ष का आभार जताते हुए कहा कि अब न केवल रोजमर्रा की यात्रा आसान हो जाएगी, बल्कि आपात स्थितियों में भी आवागमन बिना किसी रुकावट के संभव होगा।