Search for:
  • Home/
  • उत्तराखंड/
  • दायित्‍व वितरण : खत्‍म होने वाला है बायोडाटा तैयार किए बैठे नेताओं का इंतजार!

दायित्‍व वितरण : खत्‍म होने वाला है बायोडाटा तैयार किए बैठे नेताओं का इंतजार!

PEN POINT, DEHRADUN: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का दायित्व जल्द बंट सकते हैं। दायित्व बंटवारें के लिए वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की जा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटट ने कहा कि सरकार में दायित्व के लिए जल्द पार्टी नेताओं की सूची मुख्यमंत्री को सौंपी जाएगी। उन्होंने होली से पहले दायित्व आवंटन की उम्मीद जताई।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी नेताओं को सरकार में दायित्व को लेकर काफी होमवर्क हो चुका है। संगठन के स्तर पर उनकी इस बारे में कई बार की बातचीत हो चुकी है। कल मुख्यमंत्री धामी दिल्ली दौरे पर रहे और इस दौरान उनकी पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात हुई। ऐसे में माना जा रहा है कि उन्होंने सरकार में पार्टी नेताओं को दायित्व बांटने को लेकर भी चर्चा की होगी। इस बारे में पूछे जाने पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि दायित्व वितरण को लेकर उनकी अभी मुख्यमंत्री पुष्कर धामी से एक बार और चर्चा होनी है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही मुख्यमंत्री को सूची सौंपी जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि होली से पहले पार्टी के नेताओं को दायित्व वितरित कर दिए जाएंगे।

बता दें कि पहले पार्टी नेताओं को नए साल पर दायित्व वितरण की उम्मीद जताई जा रही थी। लेकिन ये उम्मीदें तब परवान नहीं चढ़ पाई। अब इस बारे में पार्टी स्तर पर जोर शोर से चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। कई नेता अपने लिए लॉबिंग करने में जुट गए हैं। यहाँ तक कि मलाई और प्रभाव वाले पदों को लेकर घोषी गली और शहर के कई स्थानों पर बायो डेटा तैयार किये जाने वाले बीजेपी नेता इन दिनों खूब देखे जा रहे हैं। कई नेता तो अपना प्रोफाइल और आवेदन तैयार कर लम्बे समय से लिए घूम रहे हैं। कइयों की आँखें सालों से इस इन्तजार में पथरा गयी हैं कि बस वे इस बार राज्य मंत्री बनने ही वाले हैं। बेचारे यहाँ तक कहने से नहीं चूकते कि सबसे पहला नाम उनका ही है। लेकिन बेचारे ऐसे लोगों को आजतक वो मुकाम नहीं मिल पाया। उम्मीद की जानी चाहिए कि इस बार उनकी मुराद पूरी हो जाये !

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required