Search for:
  • Home/
  • उत्तराखंड/
  • गोवा राष्ट्रीय खेल: पौड़ी के अंकित ने चौंकाया, इंटरनेशनल ऐथलीट्स को पछाड़ कर जीता गोल्ड

गोवा राष्ट्रीय खेल: पौड़ी के अंकित ने चौंकाया, इंटरनेशनल ऐथलीट्स को पछाड़ कर जीता गोल्ड

Pen Point, Dehradun : गोवा में चल रहे 37 वें राष्ट्रीय खेलों में पौड़ी के अंकित कुमार ने उत्तराखंड को तीसरा गोल्ड मैडल दिलाया है। खास बात ये है कि इससे पहले अंकित ने राष्ट्रीय स्तर पर कोई बड़ा पदक नहीं जीता है। बुधवार रात गोवा के बम्बोलिम एथलेटिक्स स्टेडियम में अंकित ने यह कारनामा कर दिखाया। दरअसल पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में देश के कुछ ऐथलीट भी शामिल थे। जिनमें एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता गुलवीर सिंह और एशियाई चौम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता अभिषेक पाल शामिल थे। अंकित ने इस चुनौती और दिग्गज ऐथलीटों की मौजूदगी को खुद पर हावी नहीं होने दिया। बेहतरीन दौड़ लगाते हुए उन्होंने दसवें लैप के करीब बड़ी बढ़त हासिल कर ली। पीछे मुड़कर देखने पर जब उसे भरोसा हो गया कि वह अन्य लोगों से काफी आगे है तो अंकित का आत्मविश्वास बढ़ गया और बढ़त को बनाए रखा। उसने यह दौड़ 200 मीटर के लंबे अंतर से हासिल की।

उत्तराखंड के पौडी जिले के पैठाणी से आने वाले इस 22 वर्षीय खिलाड़ी ने मैडल लेने के बाद कहा कि मैंने इस दौड़ के लिए अच्छी तैयारी की थी, मैंने दूसरों के बारे में चिंता नहीं की थी। इस दौड़ में अभिषेक पाल ने रजत और गुलवीर ने कांस्य पदक जीते।

इसके साथ ही राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के तीन स्वर्ण हो गए हैं। इससे पहले राज्य के अंतर्राष्ट्रीय स्तर के ऐथलीट सूरज पंवार 20 किमी वॉक रेस में गोल्ड हासिल कर चुके हैं। वहीं मार्शल आर्ट पर आधारित खेल पेंचक सिलाट में रूद्रपुर के निखिल भारती ने भी 55-60 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड जीता है।

पदक तालिका पर उत्तराखंड की स्थिति 22 वें स्थान पर है। महाराष्ट्र, सर्विसेज और हरियाणा पहले दूसरे और तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। उत्तराखंड को अभी तीन स्वर्ण और 1 रजत और 8 कांस्य के साथ कुल 11 पदक अब तक राज्य की झोली में आए हैं। गौरतलब है कि खिलाड़ियों पूरा दमखम होने के बावजूद उत्तराखंड खेल विभाग राष्ट्रीय खेलों के लिये पूरी तरह तैयारी नहीं करवा पाया। अगर ऐसा होता तो पदक तालिका में उत्तराखंड की स्थिति और बेहतर हो सकती थी।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required