Search for:

ओले : बर्फ के यह गोले क्यों बरसते हैं आफत बनकर

PEN POINT DEHRADUN : उत्तराखंड में मौसम वैज्ञानिकों ने अगले तीन दिन तक कई जिलों में भारी ओलावृष्टि की संभावनाएं जताई है। ओलावृष्टि फसलों, फलों के लिए आपदा मानी जाती है। बर्फ के गोले जैसे दिखने वाले ओले बर्फ के मुकाबले फसलों के ज्यादा खतरनाक क्यों होते हैं और जहां बर्फ सिर्फ हिमालयी इलाकों में गिरती है जबकि बर्फनुमा गोले यह ओले देश के किसी भी हिस्से में कभी भी आफत बनकर बरस जाते हैं।
बर्फ पानी की ही एक अवस्था है और यह पानी के जमने से बनती है। जब भी पानी का तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस या इससे कम हो जाता है तो वह बर्फ बन जाता है। जैसे-जैसे हम समुद्र तल की अपेक्षा ऊँचाई की ओर बढ़ते हैं, तो तापमान धीरे-धीरे कम होता जाता है। यही कारण है कि गर्मी के मौसम में भी पहाड़ों पर ठंडक होती है। आपको पता होना चाहिए कि वाष्पोत्सर्जन की प्रक्रिया के द्वारा नदियों, तालाबों, झीलों तथा समुद्र का पानी भाप बनकर ऊपर उठता रहता है, जिसके फलस्वरूप बादल बनते रहते हैं। और यही बादल समय-समय पर बारिश करते रहते हैं।
लेकिन जब आसमान में तापमान शून्य से कई डिग्री कम हो जाता है तो वहाँ हवा में मौजूद नमी संघनित हो जाती है और यह पानी की छोटी-छोटी बूँदों के रूप में जम जाती है। इन जमी हुई बूँदों पर धीरे-धीरे और पानी जमता जाता है और अंततः ये बर्फ के गोल टुकड़ों का रूप धारण कर लेती हैं। जब इन टुकड़ों का वजन काफी अधिक हो जाता है तो नीचे गिरने लगते हैं। गिरते समय वायुमंडल में मौजूद गरम हवा से टकरा कर ये पिघलने लगते हैं और पानी की बूँदों में बदल जाते हैं, जोकि बारिश के रूप में नीचे गिरते हैं। लेकिन बर्फ के अधिक मोटे और भारी टुकड़े जो पूरी तरह पिघल नहीं पाते हैं, वे बर्फ के छोटे-छोटे गोल-गोल टुकड़ों के रूप में ही धरती पर गिरते हैं।
बारिश के साथ गिरने वाले बर्फ के इन्हीं छोटे-छोटे गोल टुकड़ों को हम ओले कहते हैं। आमतौर से जब ओले गिरते हैं, तो बादलों में गड़गड़ाहट और बिजली की चमक बहुत अधिक होती है। जब कभी भी आप बादलों में गड़गड़ाहट और बिजली की चमक देखें तो समझ लीजिये कि बादलों का कुछ भाग निश्चित ही हिमांक से ऊपर है तथा कुछ भाग हिमांक से नीचे है। समान्यतः बादलों की गड़गड़ाहट उस समय होती है जब दिन गरम हों और वायु में काफी नमी हो। गरम और नम हवा ठंडी और शुष्क हवा से ऊपर उठना चाहती है। जैसे-जैसे यह ऊपर उठती है तो यह ठंडी होती जाती है और जल कणों के रूप में संघनित होती जाती हैं, और छोटे-छोटे बर्फ के गोल टुकड़ों का आकार ले लेती है।

ओले गोल ही क्यों होते हैं?
जब पानी एक बूँद के रूप में गिरता है तो पृष्ठ तनाव के कारण पानी की बूँद का आकार गोल हो जाता है। ठीक इसी तरह जब आसमान से पानी गिरता है तो वह बूँद के रूप में होता है, जोकि गोल होती है। जब तापमान शून्य से कम होता है तो ये गोल बूँदें ही बर्फ बन जाती हैं। कई बार इनमें बर्फ की कई सतहें होती हैं, जिसके कारण ये बड़े आकार के ओले के रूप में गिरती हैं।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required