Search for:
  • Home/
  • ताजा खबर/
  • विजय दिवस : जब पाकिस्तान को परास्त कर दुनिया के नक़्शे पर एक नया देश बना दिया था भारत ने

विजय दिवस : जब पाकिस्तान को परास्त कर दुनिया के नक़्शे पर एक नया देश बना दिया था भारत ने

PEN POINT, DEHRADUN: आजाद भारत के इतिहास की आज की यह तारीख कौन याद नहीं करना चाहेगा। यहॉं बात की जा रही है विजय दिवस 16 दिसम्बर को 1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की ऐतिहासिक और निर्णायाक जीत के बारे में। भारतीय सेना ने इस युद्ध के अंत के बाद 93,000 पाकिस्तानी सैनिकों को आत्मसमर्पण करने पर घुटनों पर ला दिया था। आज से ठीक 52 साल पहले 1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध में हमारी सेना ने पाकिस्तान को बुरी तरह परास्त कर दिया था। इसी ऐतिहासिक युद्ध की याद और अपने सैनिकों की वीरता और पराक्रम को विजय दिवस 16 दिसम्बर के रूप में मनाया जाता है। इस विजय के बाद पूर्वी पाकिस्तान स्वतंत्र हो गया। इससे हुआ यह कि बांग्लादेश के नाम से दनिया के नक्शें पर एक नया देश अस्तित्व में आ गया। इस तरह यह युद्ध और उसकी विजय गाथा हर भारतीय के दिल में हमेशा के लिए सौर्य का बड़ा प्रतीक बनकर स्थापित हो गई।

'Pen Point

भारत में 16 दिसम्बर की तारीख को विजय दिवस के रूप में बड़े गर्व के साथ मनाया जाता है। वर्ष 1971 के युद्ध में करीब 3,900 भारतीय सैनिक शहीर हुए थे। वहीं हमारे वीर 9,851 घायल हो गए। पूर्वी पाकिस्तान में पाकिस्तानी बलों के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एएके नियाजी ने भारत के पूर्वी सैन्य कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल जगजीत सिंह अरोड़ा के सामने आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद 17 दिसंबर को 93,000 पाकिस्तानी सैनिकों को युद्धबंदी बनाया गया।

युद्ध की पृष्ठभूमि साल 1971 की शुरुआत से ही बनने लगी थी। पाकिस्तान के सैनिक तानाशाह याहिया खंा ने 25 मार्च 1971 को पूर्वी पाकिस्तान की जन भावनाओं को सैनिक ताकत से कुचलने का आदेश दे दिया। इसके बाद शेख मुजीब को गिरफ्तार कर लिया गया। तब वहां से कई शरणार्थी लगातार भारत आने लगे।

जब भारत में पाकिस्तानी सेना के दुर्व्यवहार की खबरें आईं, तब भारत पर यह दबाव पड़ने लगा कि वह वहाँ पर सेना के जरिए हस्तक्षेप करे। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी चाहती थीं कि अप्रैल में आक्रमण किया जाए। इस बारे में इंदिरा गांधी ने थल सेनाध्यक्ष जनरल मानेकशॉ की राय ली।
तब भारत के पास सिर्फ एक पर्वतीय डिवीजन था। इस डिवीजन के पास पुल बनाने की क्षमता नहीं थी। तब मानसून भी दस्तक देने ही वाला था। ऐसे समय में पूर्वी पाकिस्तान में प्रवेश करना मुसीबत मोल लेने जैसा था। मानेकशॉ ने सियासी दबाव में झुके बिना प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से स्पष्ट कह दिया कि वे पूरी तैयारी के साथ ही युद्ध के मैदान में उतरना चाहते हैं।

3 दिसंबर, 1971 को इंदिरा गांधी तत्कालीन कलकत्ता में एक जनसभा को संबोधित कर रही थीं। इसी दिन शाम के वक्त पाकिस्तानी वायुसेना के विमानों ने भारतीय वायुसीमा को पार करके पठानकोट, श्रीनगर, अमृतसर, जोधपुर, आगरा आदि सैनिक हवाई अड्डों पर बम गिराना शुरू कर दिया। इंदिरा गांधी ने उसी वक्त दिल्ली लौटकर मंत्रिमंडल की आपात बैठक की।

युद्ध शुरू होने के बाद पूर्वी क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ते हुए भारतीय सेना ने जेसोर और खुलना पर कब्जा कर लिया। भारतीय सेना की रणनीति थी कि अहम ठिकानों को छोड़ते हुए पहले आगे बढ़ा जाए। युद्ध में मानेकशॉ खुलना और चटगांव पर ही कब्जा करने पर जोर देते रहे। ढाका पर कब्जा करने का लक्ष्य भारतीय सेना के सामने रखा ही नहीं गया।

14 दिसंबर को भारतीय सेना ने एक गुप्त संदेश को पकड़ा कि दोपहर ग्यारह बजे ढाका के गवर्नमेंट हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है, जिसमें पाकिस्तानी प्रशासन बड़े अधिकारी भाग लेने वाले हैं। भारतीय सेना ने तय किया कि इसी समय उस भवन पर बम गिराए जाएं। बैठक के दौरान ही मिग 21 विमानों ने भवन पर बम गिरा कर मुख्य हॉल की छत उड़ा दी। गवर्नर मलिक ने लगभग कांपते हाथों से अपना इस्तीफा लिखा।

16 दिसंबर की सुबह जनरल जैकब को मानेकशॉ का संदेश मिला कि आत्मसमर्पण की तैयारी के लिए तुरंत ढाका पहुंचें। जैकब की हालत बिगड़ रही थी। नियाजी के पास ढाका में 26,400 सैनिक थे, जबकि भारत के पास सिर्फ 3,000 सैनिक और वे भी ढाका से 30 किलोमीटर दूर।

भारतीय सेना ने युद्ध पर पूरी तरह से अपनी पकड़ बना ली। अरोड़ा अपने दलबल समेत एक दो घंटे में ढाका लैंड करने वाले थे और युद्ध विराम भी जल्द समाप्त होने वाला था। जैकब के हाथ में कुछ भी नहीं था। जैकब जब नियाजी के कमरे में घुसे तो वहां सन्नाटा छाया हुआ था। आत्म-समर्पण का दस्तावेज मेज पर रखा हुआ था।

शाम के साढ़े चार बजे जनरल अरोड़ा हेलिकॉप्टर से ढाका हवाई अड्डे पर उतरे। अरोड़ा और नियाजी एक मेज के सामने बैठे और दोनों ने आत्म-समर्पण के दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए। नियाजी ने अपने बिल्ले उतारे और अपना रिवॉल्वर जनरल अरोड़ा के हवाले कर दिया। नियाजी की आंखों में एक बार फिर आंसू आ गए। अंधेरा घिरने के बाद स्थानीय लोग नियाजी की हत्या पर उतारू नजर आ रहे थे। भारतीय सेना के वरिष्ठ अफसरों ने नियाजी के चारों तरफ एक सुरक्षित घेरा बना दिया। बाद में नियाजी को बाहर निकाला गया।

इंदिरा गांधी संसद भवन के अपने दफ्तर में एक टीवी इंटरव्यू दे रही थीं। तभी जनरल मानेक शॉ ने उन्हें बांग्लादेश में मिली शानदार जीत की खबर दी।
इंदिरा गांधी ने लोकसभा में शोर-शराबे के बीच घोषणा की कि युद्ध में भारत को विजय मिली है। इंदिरा गांधी के बयान के बाद पूरा सदन जश्न में डूब गया। इस ऐतिहासिक जीत को खुशी आज भी हर देशवासी के मन को उमंग से भर देती है।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required