Search for:
  • Home/
  • उत्तराखंड/
  • काला सोयाबीन: जिसके सेवन से दूर रहती हैं बीमारियां

काला सोयाबीन: जिसके सेवन से दूर रहती हैं बीमारियां

Pen point (Health Desk) : पहाड़ में सोयाबीन को भट्ट कहा जाता है, जिसकी दो किस्में होती हैं-काला और सफेद। सेहत के लिहाज से काला भट्ट ज्यादा गुणकारी माना जाता है। अपनी खास तासीर के कारण ये कैंसर जैसी बीमारी को रोकने में सक्षम है। पोषण के लिए पहाड़ में काला भट्ट खान पान का जरूरी हिस्सा है। इसकी खूबियों को अब सरकारें भी मान रही हैं।
उत्तराखंड के मोटे अनाज की श्रृंखला में शामिल है काला भट्ट। पहाड़ों में परंपरागत तौर पर इसकी खेती होती है। आज भी सर्दियों में बारिश के समय लोग काले भट्ट को भून कर खाते हैं। जिसे खाते हुए खूब किस्सागोई होती है और भट़ट की तासीर से ताकत के साथ ही शरीर को गर्म रखने में मदद मिलती है। पारम्परिक व्यंजनों में काले भट्ट की दाल को खूब पसंद किया जाता है। और इसकी डिमांड भी बहुत है। कुमांउं में काले भट्ट से चुड़कानी ,रसबीज, डुबके जैसे व्यंजन बनाए जाता हैं। जबकि गढ़वाल में भट्वाणी, पटुड़ी और भट़ का चौंसा भी बनाया जाता है। नए दौर में भट्ट की नमकीन, बिस्किट और कटलेट्स भी बनाए जा रहे हैं। पहाड़ों में मिलने वाला काला भट्ट एशिया की मूल प्रजाति है, इसका मूल राष्ट्र चीन माना जाता है। अमेरिका में भी भट्ट का खूब सेवन किया जाता है।
उत्तराखंड के मोटे अनाज को लेेकर गढ़भोज के संस्थापक द्वारिका सेमवाल काफी सक्रिय हैं। सेमवाल बताते हैं कि भट्ट में प्रोटीन , विटामिन्स , मिनरल्स और फाइबर जैसे पोषक तत्वा भरपूर मात्रा में होते हैं। 1000 ग्राम काला भट्ट में 1500 मिलीग्राम पोटैशियम, 21 ग्राम प्रोटीन और 9 मिलीग्राम सोडियम की मात्रा पाई जाती है। इसमें मौजूद विटामिन ए बी 12, डी और कैल्शियम भी सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। ये एंटी-ऑक्सीडेंट का अच्छा स्त्रोत है। इसमें फाइटों स्ट्रोजनस डेडजेन और जेनस्टेन पाया जाता है, जो प्रोस्टेट और स्तन कैंसर की रोकथाम में मददगार है। ये कोलेस्ट्रॉल कम करने वाले फाइबर का अच्छा स्रोत है। काला भट्ट डायबिटीज, इन्सुलिन रेसिस्टेंट और हाइपोग्लाइसीमिया से जूझ रहे बीमार लोगों के लिए काफी फायदेमंद है।
काले भट्ट की इन खूबियों को देखते हुए उत्तराखंड सरकार के बाल विकास विभाग ने इसे पोषाहार में शामिल किया है। उत्तराखंड पुलिस की मैस में भी काले भट्ट को मैन्यू में जगह दी गई है।

 

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required