Search for:
  • Home/
  • उत्तराखंड/
  • लोकसभा चुनाव के लिए CEO ने पेश किये आंकड़े, जानिए कहां कितने वोटर ?

लोकसभा चुनाव के लिए CEO ने पेश किये आंकड़े, जानिए कहां कितने वोटर ?

PEN POINT, DEHRADUN : निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं . वोटरों की संख्या, महिला, पुरुष मतदाताओं का डाटा आयोग ने जारी कर दिया है। इसके अलावा पोलिंग बूथों को लेकर भी जानकारी जारी कर दी गयी है।

उत्तराखण्ड में मुख्य निर्वाचन अधिकारी वी. षणमुगम ने प्रेस वार्ता कर राज्य में मतदाताओं की संख्या को लेकर जानकारी दी। सीईओ ने बताया कि उत्तराखंड में 18 से 19 आयु वर्ग के 129062 मतदाता हैं। जो पहली बार मतदान करेंगे। राज्य में 11729 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रदेश में सबसे अधिक देहरादून जिले में 15 लाख 30 हजार 939 मतदाता हैं। जबकि रुद्रप्रयाग जिले में सबसे कम एक लाख 94342 मतदाता हैं।

कुल वोटरों की संख्या 82 लाख 43 हजार 423 है, जिसमें पुरुषों की संख्या 42 लाख 70 हजार 597 है। वहीं महिला मतदाता की संख्या 39 लाख 72 हजार 540 है। उन्होंने बताया राज्य में सबसे ज्यादा मतदाता 30 से 49 आयु वर्ग मैं हैं। दिव्यांग वोटरों की संख्या 69,974 है। इसके साथ ही षणमुगम ने बताया कि 100 वर्ष और इससे अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 1,411 है।

सीईओ ने कहा कि राज्य में अंतिम मतदाता सूची जारी होने से पहले जिन लोगों के वोटर आईडी कार्ड नहीं बने हैं, वह अभी आवेदन कर सकते हैं, इसके लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों विकल्प मौजूद है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा, मतदाता बनने की प्रक्रिया चलती रहेगी। जो छूट गए हैं वे मतदाता बनने के लिए बीएलओ, एसडीएम, डीएम कार्यालय या ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ट्रांसजेंडर को बैठकों के माध्यम से मतदाता बनने के लिए जागरूक किया जाता है। उनको भी आगे आना चाहिए।

प्रदेश में 80 साल से अधिक आयु वर्ग के 154259 मतदाता हैं। जबकि 70 से 79 आयु वर्ग के 414114, 60 से 69 आयुवर्ग के 750563, 50 से 59 आयुवर्ग के 1186686, 40 से 49 आयु वर्ग के 1704523, 30 से 39 आयु वर्ग के 2244926, 20 से 29 आयु वर्ग के 1659290 मतदाता हैं।

100 साल से अधिक आयुवर्ग में महिलाएं ज्यादा
प्रदेश में 100 साल से अधिक आयुवर्ग में महिलाओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक है। सौ साल से अधिक के 1411 मतदाताओं में 853 महिलाएं और 558 पुरुष हैं। जबकि दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 69974 है।

तीन जिलों में एक भी ट्रांसजेंडर नहीं
प्रदेश के तीन जिलों रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और चंपावत में एक भी ट्रांसजेंडर मतदाता नहीं है। सबसे अधिक 138 ट्रांसजेंडर मतदाता हरिद्वार जिले में हैं। जबकि उत्तरकाशी में दो, चमोली में चार, टिहरी में तीन, देहरादून में 77, पौड़ी में 9, पिथौरागढ़ में दो, अल्मोड़ा में पांच, नैनीताल में आठ एवं ऊधमसिंह नगर में 38 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं।रुद्रप्रयाग में महिला मतदाता पुरुषों से अधिक
प्रदेश में रुद्रप्रयाग एकमात्र ऐसा जिला है, जहां महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। रुद्रप्रयाग जिले में 194342 मतदाताओं में से 97767 महिला और 96575 पुरुष मतदाता हैं। जबकि अन्य जिलों में महिलाओं से पुरुष मतदाताओं की संख्या अधिक है।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required