Search for:
  • Home/
  • उत्तराखंड/
  • उत्तराखंड में पदयात्रा से सियासी ताप बढ़ाएंगे राहुल गांधी

उत्तराखंड में पदयात्रा से सियासी ताप बढ़ाएंगे राहुल गांधी

Pen Point, Dehradun : कांग्रेस की प्रस्तावित स्वाभिमान न्याय यात्रा में पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे। उत्तराखंड में यह यात्रा 50 से 60 दिनों तक निकलेगी। जिसका मकसद प्रमुख तौर पर अग्निवीर योजना का विरोध करना है। राहुल गांधी इस यात्रा में दस दिनों तक शिरकत करेंगे। कांग्रेस के इस ऐलान के साथ ही राज्य में सियासी ताप बढने लगा है। इस यात्रा की घोषणा होते ही बीजेपी की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित कर अग्निवीर योजना का बचाव करने की कोशिश की गई। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कर्नल अजय कोठियाल और शौर्य डोभाल इस बाबत संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस कर चुके हैं।
इस बारे में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने बताया कि पिछले सवा साल से अग्निवीर योजना ने प्रदेश के युवाओं का एक सैनिक बनने का सपना तोड़ दिया है। उनके साथ अग्निवीर के नाम पर छलावा किया जा रहा है। राहुल गांधी इस योजना का विरोध करने उत्तराखंड आ रहे हैं, यह खबर सुनते ही भाजपा पूरी तरह से घबरा गई है।
राहुल गांधी के अलावा इस यात्रा में प्रियंका गांधी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शीघ्र ही यात्रा का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया जाएगा। यात्रा कुमाऊं से लेकर गढ़वाल और जौनसार क्षेत्र में निकाली जाएगी।
गौरतलब है कि राहुल गांधी कीे उत्तराखंड में मौजूदगी कांग्रेसियों का उत्साह बढ़ाएगी। वहीं अग्निवीर योजना के साथ ही राज्य के विभिन्न मुद्दों पर सरकार के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ता मुखर होंगे। बेरोजगारी के साथ ही अंकिता भंडारी हत्याकांड, कोटद्वार में मालन पुल में भ्रष्टाचार समेत सरकार कई मामलों में कांग्रेस के निशाने पर हैं। ऐसे में राहुल गांधी इन मुद्दों को टटोलते हैं तो राज्य का सियासत तापमान बढ़ना तय है।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required