Search for:
  • Home/
  • उत्तराखंड/
  • जयंती विशेष : दून घाटी में रचा था कमलेश्वर ने ‘कितने पाकिस्तान’

जयंती विशेष : दून घाटी में रचा था कमलेश्वर ने ‘कितने पाकिस्तान’

Pen Point, Dehradun : देहरादून वो जगह है, जहां भारत के संविधान की पहली लिखित प्रति तैयार की गई थी। साहित्‍य की बात करें तो दुनिया जहान के लिखने वालों को ये जगह एकदम मुफीद लगती है। ऐसे ही हिंदी साहित्‍य के एक पुरोधा हुए हैं कमलेश्‍वर। बीसवीं सदी के सबसे श्रेष्‍ठ लेखकों में से एक। उन्होंने कहानी, उपन्यास, पत्रकारिता, स्तंभ लेखन, फिल्म पटकथा जैसी कई विधाओं में अपनी लेखन प्रतिभा दिखाई। उन्होंने कई हिंदी फिल्मों के लिए पटकथाएँ लिखीं और भारतीय टेलीविजन श्रृंखलाओं के लिए दर्पण, चंद्रकांता, बेताल पचीसी, विराट युग आदि लिखीं। उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन पर आधारित पहली प्रामाणिक और ऐतिहासिक मास-प्लेटफ़ॉर्म मीडिया कहानी ‘हिंदुस्तान हमारा’ भी लिखी। उनका जन्म उत्‍तर प्रदेश के मैनपुरी में 6 जनवरी 1932 को हुआ था।

आज उनकी जयंती के बहाने ये बात हम आप से साझा कर रहे हैं। दरअसल, अपने सबसे चर्चित उपन्‍यास कितने पाकिस्‍तान को कमलेश्‍वर ने देहरादून में रहकर ही लिखा था। जिसके लिए उन्‍हें साहित्‍य अकादमी सम्‍मान मिला। झाझरा के वन विश्राम गृह को उन्‍होंने अपना ठिकाना बनाया। वे सपत्‍नीक यहां ठहरे थे। जिसमें उनकी मदद देहरादून के ही रहने वाले वरिष्‍ठ कहानीकार सुभाष पंत ने की थी। आप भी पढि़ए उनके पहले संस्‍करण की भूमिका के कुछ अंश-

इसे मैंने मई, सन् 1990 में लिखना शुरू किया था। घने जंगल के बीच देहरादून के झाजरा वन विश्राम गृह में सुभाष पंत ने व्यवस्था करा दी थी। रसद वगैरह नीचे से लानी पड़ती थी। गायत्री साथ थी ही। साथ में हम अपने 4 बरस के नाती अनंत को भी ले गए थे। एक कुत्ता वहाँ आता था, उससे अनंत ने दोस्ती कर ली थी। उसका नाम मोती रख लिया था। कभी-कभी वहां बहुंरगी जंगली मुर्गे भी आते थे। अनंत उन्हें देखने के लिए दूर तक चला जाता था। जंगल की पगडंडियों से यदा-कदा लकड़हारे आदिवासी गुज़रते रहते थे। एक दिन अनंत मुर्गों का पीछा करते-करते गया तो नजर से ओझल हो गया। गायत्री बहुत ज्यादा चिंतित हो गई। तलाशा, आवाजें लगाईं, घबरा के इधर-उधर दौड़े-भागे पर अनंत का कहीं कोई पता नहीं चला। तभी एक गुजरते बूढ़े ने बताया कि उसने जंगल में कुछ दूर पर एक छोटे बच्चे को लकड़हारे के साथ जाते देखा था…यह सुनकर गायत्री तो अशुभ आशंका और भय से लगभग मूर्छित ही हो गई। आदिम कबीलों की नरबलि वाली परम्परा की पठित जानकारी ने गायत्री को त्रस्त कर दिया था। आशंकाओं से ग्रस्त मैं भी था। मैं गायत्री को संभाल कर, पानी पिला कर, उसे नौकर के हवाले करके फौरन निकला। बूढ़े ने जिधर बताया था, उधर वाली पगडंडी पर उतर कर तेजी से चला, तो कुछ दूर पर देखा-एक लकड़हारे के कन्धों पर पैर सामने लटकाए उसकी पगड़ी पर बाँहें बाँधे, किलकारी मारता अनंत बैठा था। लकड़हारे के बायें हाथ में कुल्हाड़ी थी, और वह उसे लिए हुए सामने से चला आ रहा था। जान में जान आई। पता चला, वह अनंत को हिरन और भालू दिखाने ले गया था।

इस घटना ने मुझे आदिम कबीलेवालों को जानने, पहचानने और उनके बारे में पठित तथ्यों से अलग अनुभवजन्य एक और ही सोच दी थी। सात-आठ बरस बाद अनुभव के इसी अंश ने मेरा साथ तब दिया जब मैं उपन्यास में माया सभ्यता के प्रकरण से गुज़र रहा था। बहरहाल… मेरी दो मजबूरियाँ भी इसके लेखन से जुड़ी हैं। एक तो यह कि कोई नायक या महानायक सामने नहीं था, इसलिए मुझे समय को ही नायक-महानायक और खलनायक बनाना पड़ा।

और दूसरी मजबूरी यह कि इसे लिखते समय लगातार यह एहसास बना रहा कि जैसे यह मेरी पहली रचना हो…लगभग उसी अनकही बेचैनी और अपनी असमर्थता के बोध से मैं गुज़रता रहा..आखिर इस उपन्यास को कहीं तो रुकना था। रुक गया। पर मन की जिरह अभी भी जारी है…

कितने पाकिस्तान ‘ख़त्म’ तो आज भी नहीं हुआ

सन् 1990 में शुरू हुआ ‘कितने पाकिस्तान’ का लेखन 1999 में पूरा हुआ। हालांकि कमलेश्वर ने खुद ही इसे पूरा नहीं माना। उन्‍होंने ही कहा था ‘ख़त्म’ तो यह आज भी नहीं हुआ। यह भारतीय राजनीति और समाज के लिये संक्रमण और हलचन भरा दौर था।  जिसमें मंडल कमीशन की सिफ़ारिशों पर हंगामा था।, आत्‍मघाती हमले में राजीव गांधी की हत्‍या, राम मंदिर आंदोलन के साथ दक्षिणपंथ का उभार, कार सेवा और बाबरी ढांचा ध्‍वस्‍त, बंबई में सीरियल ब्लास्ट, पोखरण परमाणु परीक्षण, कारगिल युद्ध और दहशतगर्दी के बीच इण्डियन एयरलाइंस के प्‍लेन का अपहरण जैसी घटनाएं हो रही थी। चैन से ज़िंदगी बसर करने के ख़्वाहिशमंद हर शख़्स के दिल में ख़ौफ़ की धुकधुकी थी। इन सब घटनाओं को एक प्रयोगधर्मी तरीके से कमलेश्‍वर अपनी कलम से समेटते रहे। उपन्‍यास छपा तो हिंदी साहित्‍य के नामचीन आलोचकों ने इसे खारिज कर दिया। लेकिन उनकी बात गलत साबित हुई और लोगों ने इसे हाथों हाथ लिया। आज भी इस उपन्‍यास का हर नया संस्‍करण कुछ ही दिनों में बिक जाता है।

इसके कवर पेज पर कमलेश्‍वर ने बेहद संजीदा शब्‍द लिखे हैं-

“यह उपन्यास मानवता के दरवाज़े पर इतिहास और समय की एक दस्तक है… इस उम्मीद के साथ कि भारत ही नहीं, दुनिया भर में एक के बाद एक दूसरे पाकिस्तान बनाने की लहू से लथपथ यह परंपरा अब ख़त्म हो….

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required